गनियारी में धारदार हथियार से युवक की नृशंस हत्या, घर के आंगन में मिला रक्तरंजित शव

कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी में एक युवक की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई है। गांव निवासी नंदकुमार पटेल की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।

आज सुबह नंदकुमार पटेल का रक्तरंजित शव उनके ही घर के आंगन में पड़ा मिला, जिसके चेहरे पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसे साजिशन हत्या बताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर करतला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने मौके से एक धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) बरामद की है, जिसे हत्या में प्रयुक्त किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

इस वारदात के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों का खुलासा हो सकेगा।