डॉ. विनोद कुमार शुक्ल और मूलचंद तिवारी ‘हंस’ को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित

कोरबा। मुकुटधर साहित्य समिति कोरबा के तत्वावधान में पंडित मुकुटधर पांडेय साहित्य भवन में एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार एवं ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता डॉ. विनोद कुमार शुक्ल तथा कोरबा के वरिष्ठ साहित्यकार मूलचंद तिवारी ‘हंस’ को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं कविता जैन द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया और दोनों दिवंगत साहित्यकारों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

मंच पर समिति के संरक्षक यूनुस दानियालपुरी, कमलेश यादव, मुकेश चतुर्वेदी, अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा, मूलचंद तिवारी ‘हंस’ की पुत्री ऋतु त्रिवेदी, दामाद राजेश त्रिवेदी तथा दिवंगत साहित्यकार शंकर राव नायडू के पुत्र अलंकार नायडू मंचासीन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनुस दानियालपुरी ने की।

यह श्रद्धांजलि सभा साहित्यकारों के प्रति सम्मान और उनके साहित्यिक योगदान को स्मरण करने का एक भावपूर्ण अवसर बनी।

कार्यक्रम का संचालन जीतेंद्र कुमार वर्मा ‘खैरझिटिया’ ने किया तथा आभार प्रदर्शन समिति के सचिव डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा ने किया।