अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कलेक्टर कुणाल दुदावत

आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा में अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के सभाकक्ष में खंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और शासकीय योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का पूरा लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

पोड़ी उपरोड़ा को आकांक्षी ब्लॉक बताते हुए कलेक्टर ने सभी विभागों को अपने सूचकांकों में बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। खाद्यान्न वितरण की समीक्षा में खाद्य निरीक्षकों को राशन दुकानों में गुणवत्तापूर्ण चावल का भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने और नियमित फील्ड विजिट करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ताहीन चावल की कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों में पूरक पोषण आहार का शत-प्रतिशत वितरण, लंबित शौचालय निर्माण को शीघ्र पूरा करना, नए आंगनबाड़ी भवनों में रनिंग वाटर की व्यवस्था के साथ निर्माण खत्म करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन के तहत पूर्णता वाले गांवों में घर-घर नल जल पहुंचाने, धान खरीदी पर सतत निगरानी, रकबा संशोधन हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार, पीएम आवास के अप्रारंभ कार्य शुरू कराने, नर्सरियों में पौधों की उपलब्धता और पीएम धन-धान्य योजना के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित विभिन्न विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर का यह निर्देश आकांक्षी ब्लॉक में विकास कार्यों को गति प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।