जर्जर पुल बना मौत का कारण, बाइक हादसे में युवक की मौत, दो घायल

कोरबा।बांगो थाना क्षेत्र के पोड़ी-उपरोड़ा इलाके में तान नदी पर बने जर्जर गुरसिया पुल पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कोरबा के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 देवांगन पारा, पुरानी बस्ती कोरबा निवासी पान व्यवसायी सुरेश कुमार श्रीवास के 21 वर्षीय पुत्र प्रकाश श्रीवास अपने दो दोस्तों के साथ स्कूटी से परला जा रहे थे। वे गुरसिया मार्ग से गुजर रहे थे। बताया गया है कि तान नदी पर बना गुरसिया पुल लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और पुल पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं।

पुल से गुजरते समय गड्ढों से बचने के प्रयास में उनकी स्कूटी अचानक एक गड्ढे में जा गिरी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद स्कूटी सहित तीनों युवक पुल की रेलिंग से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

रात के समय डायल 112 को सूचना मिली कि गुरसिया पुल पर तीन लोग घायल अवस्था में पड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर केवल प्रकाश श्रीवास को पाया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों ने जर्जर पुल की मरम्मत और सुरक्षा उपायों की मांग करते हुए प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।