विधायक प्रतिनिधि पर पुलिस चौकी में आरक्षक से मारपीट का आरोप, तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज

कोरबा।रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के प्रतिनिधि पर पुलिस चौकी में घुसकर आरक्षक से मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने काउंटर कार्रवाई करते हुए कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमपुर निवासी आरक्षक विकास कोसले पिता आजूराम कोसले के साथ विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने रजगामार पुलिस चौकी में चौकी स्टाफ के सामने मारपीट की तथा जातिसूचक गालियाँ दीं। आरक्षक विकास कोसले (क्रमांक 528) वर्तमान में थाना करतला में पदस्थ हैं।

बताया गया कि 31 दिसंबर को आरक्षक विकास कोसले डाक वितरण के लिए थाना करतला से पुलिस कार्यालय आए थे। डाक जमा करने के बाद वे अपने घर ओमपुर में रुके हुए थे। रात लगभग 10 बजे उनके मामा के लड़के राजेन्द्र जांगड़े ने उन्हें सूचना दी कि जयकिशन पटेल ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद विकास कोसले राजेन्द्र को साथ लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने रजगामार चौकी पहुंचे।

इसी दौरान जयकिशन पटेल चौकी में पहुंचे और आवेदन लिख रहे आरक्षक विकास कोसले के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। चौकी स्टाफ द्वारा रोकने के बावजूद वह नहीं माने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

आरक्षक विकास कोसले की रिपोर्ट पर जयकिशन पटेल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, राजेन्द्र जांगड़े की रिपोर्ट पर भी जयकिशन पटेल के खिलाफ इन्हीं धाराओं में अलग से अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

विधायक प्रतिनिधि ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
दूसरी ओर विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

इसी दौरान ओमपुर-रजगामार क्षेत्र के गांधी चौक पर सुरेश उर्फ लल्लू के बुलाने पर पहुंचे, जहां रात करीब 10 बजे आरक्षक विकास कोसले और राजेन्द्र जांगड़े ने उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

जयकिशन पटेल की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरक्षक विकास कोसले और राजेन्द्र जांगड़े के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 3(5) एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

फिलहाल पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है।