कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पीवीटीजी गांवों में लगाई चौपाल, शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

पहाड़ी कोरवा-बिरहोर बाहुल्य क्षेत्रों में योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण, छात्रों को दी बेहतर परिणाम की प्रेरणा

कोरबा। जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के दूरस्थ एवं विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) गांवों का दौरा कर शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की हकीकत जानी। उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के बाहुल्य गांव गुडरुमुडा में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

कलेक्टर ने गुडरुमुडा सहित पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, लैंगा और सबसे दूरस्थ गांव पसान तक पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र, बालिका आवासीय छात्रावास, एकलव्य आवासीय विद्यालय, धान खरीदी केंद्र, ऐतमानगर जलप्रदाय योजना, निर्माणाधीन वाटर फीडर टैंक, पीएम जनमन सड़क, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन विद्यालय भवन एवं शिक्षकों के आवासीय भवन का सघन निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं तेजी से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

पोड़ी उपरोड़ा मुख्यालय में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय एवं एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बिना दबाव के पढ़ाई करें, अच्छे परिणाम लाएं, माता-पिता के सपनों को साकार करें और अन्य के लिए आदर्श बनें।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर का यह दौरा आदिवासी बहुल क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।