जिले में अपराधों पर रहा प्रभावी नियंत्रण, वर्ष 2025 में 88 प्रतिशत मामलों का हुआ निराकरण

कोरबा। पुलिस रिकॉर्ड से प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में वर्ष 2025 के दौरान अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के क्षेत्र में पुलिस को उल्लेखनीय सफलता मिली है।

कोरबा पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में दर्ज कुल अपराधों में से लगभग 88 प्रतिशत मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया,जो जिले में कानून- व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की सक्रियता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2025 में जिले में कुल 7241 अपराध पंजीबद्ध हुए, जिनमें से 6372 मामलों का निराकरण किया जा चुका है। शेष मामलों में जांच प्रक्रिया जारी है और जल्द ही इनके भी निराकरण की संभावना जताई जा रही है। आंकड़ों की तुलना करें तो वर्ष 2023 एवं 2024 की अपेक्षा वर्ष 2025 में अपराध निराकरण की दर में निरंतर सुधार दर्ज किया गया है।

संपत्ति संबंधी अपराधों पर भी पुलिस की कार्रवाई प्रभावी रही। चोरी, नकबजनी और लूट जैसी घटनाओं में आरोपियों की पहचान कर त्वरित गिरफ्तारी की गई, जिससे इन मामलों में निराकरण प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

संगठित अपराधों के खिलाफ भी कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। जहां वर्ष 2024 में ऐसे मामलों की संख्या मात्र 2 थी, वहीं वर्ष 2025 में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 38 मामलों में कार्यवाही की गई। इस प्रकार बीते दो वर्षों में संगठित अपराधों के कुल 40 मामलों पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि लगातार गश्त, तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा आम जनता के सहयोग से यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अपराधों की रोकथाम के लिए और अधिक सख्त एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।