सराईपाली खदान में ठेका श्रमिकों का शोषण: कम वेतन और मनमानी पर कोयला मजदूर पंचायत की चेतावनी, 9 जनवरी को प्रदर्शन

कोरबा। सराईपाली खुली खदान में ठेका कंपनी विनय कुमार उपाध्याय द्वारा कार्यरत श्रमिकों के साथ हो रहे शोषण के खिलाफ कोयला मजदूर पंचायत ने एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो 9 जनवरी को बड़े प्रदर्शन की जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

कोयला मजदूर पंचायत के केंद्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र पाल सिंह तंवर ने बताया कि सराईपाली खदान में कोयला एवं ओवरबर्डन हटाने के लिए आउटसोर्सिंग कंपनी विनय कुमार उपाध्याय द्वारा नियुक्त श्रमिकों को निर्धारित दर से काफी कम वेतन दिया जा रहा है।

इसके अलावा कई अन्य अनियमितताएं हैं, जैसे श्रमिकों को बिना कारण काम से हटाना और मनमाने ढंग से बैठा देना। इससे श्रमिकों का लगातार शोषण हो रहा है।

संगठन ने कई बार पत्राचार किया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। अब निर्णय लिया गया है कि 9 जनवरी को एसईसीएल कोरबा क्षेत्र में प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन की होगी।