सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, लूटा गया मोबाइल बरामद; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कोरबा। बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास अकेली युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने करीब चार महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया रियलमी मोबाइल बरामद किया है।
आरोपी की पहचान बुधवारी बाजार जैन मंदिर के पीछे बस्ती निवासी रामा सोरी (29) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 30 मार्च 2026 की रात करीब 9.30 बजे 24 वर्षीय युवती काम खत्म कर पैदल घर लौट रही थी।
बुधवारी रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी रेलवे लाइन की ओर से आया और युवती को जबरन खींचकर पटरी की ओर ले गया। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर करीब 15 हजार रुपए कीमत का रियलमी मोबाइल छीनकर फरार हो गया।
घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान रामा सोरी के रूप में हुई, लेकिन घटना के बाद से वह लगातार फरार था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
9 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामा सोरी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती से मारपीट कर मोबाइल लूटने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम पर पुलिस ने उसके कब्जे से पुराना इस्तेमाल किया हुआ मोबाइल बरामद किया।
विवेचना में आपराधिक बल का प्रयोग कर मोबाइल लूटने की पुष्टि होने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) जोड़ी गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
