सीसीटीवी ने खोला दुकान चोरी का राज,मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दो विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए, 9 हजार रुपए, सरिया और स्कूटी बरामद

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित एक दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम 9 हजार रुपए, वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया और स्कूटी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 7 अगस्त की रात बरपाली स्थित दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने नगदी रकम पार कर दी थी। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को शटर टूटा मिला, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।

फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पतासाजी शुरू की।

जांच के दौरान पंप हाउस, कोरबा निवासी युवराज सिंह राजपूत (19) को पकड़ा गया। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने संरक्षण में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिलासपुर से लौटते समय बरपाली स्थित दुकान के शटर और जमीन के बीच गैप देखकर चोरी की योजना बनाने लगे थे। इसके बाद मड़वारानी के पास से लोहे की सरिया लेकर पहुंचे और सरिया की मदद से शटर उठाकर दुकान के भीतर प्रवेश किया। आरोपियों ने दुकान में रखी नगदी चोरी कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम 9 हजार रुपए, वारदात में इस्तेमाल लोहे की सरिया और स्कूटी बरामद की है। मुख्य आरोपी युवराज सिंह राजपूत को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का मामला सामने आने के कुछ ही समय में सुलझ गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली।