अतिक्रमण से मुक्त वनभूमि पर बिखेरी हरियाली, वन महोत्सव में हुआ पौधारोपण

करतला। करतला वन परिक्षेत्र में वन महोत्सव 2026 के तहत अतिक्रमण से मुक्त कराई गई वनभूमि पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और वन सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम कोरबा वन मंडलाधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव एवं उप वन मंडलाधिकारी दक्षिण कोरबा सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। वन विभाग के अनुसार, पूर्व में अतिक्रमणकारियों के कब्जे में रही वनभूमि को कार्रवाई कर अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। वनभूमि को पुनः हराभरा करने के उद्देश्य से इसी क्षेत्र में पौधारोपण किया गया।

वन विभाग की इस पहल से एक ओर जहां वनभूमि की सुरक्षा का संदेश दिया गया, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संतुलन बहाल करने की दिशा में भी कदम उठाया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि वनभूमि पर अवैध कब्जे को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी और खाली कराई गई भूमि का संरक्षण प्राथमिकता में रहेगा।

पौधारोपण कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। ग्रामीणों ने पौधे रोपने के साथ उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वन विभाग की इस पहल का ग्रामीणों ने स्वागत करते हुए कहा कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि पर हरियाली विकसित होने से क्षेत्र का पर्यावरण बेहतर होगा।

कार्यक्रम के दौरान वन संरक्षण, पौधों की देखभाल, अवैध कटाई एवं अतिक्रमण रोकने सहित विभिन्न विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वन महोत्सव के माध्यम से विभाग ने वनभूमि संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।