डीएसपी ज्योत्स्ना चौधरी ने कहा- सीट से ज्यादा सवारी न बैठाएं, गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें
कोरबा। टीपी नगर में यात्री ऑटो, बैटरी ऑटो एवं मालवाहक ऑटो चालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने ऑटो चालकों से सड़क पर कहीं भी अचानक वाहन रोककर सवारी नहीं बैठाने तथा निर्धारित ऑटो स्टैंड अथवा पीली पट्टी के अंदर ही वाहन खड़ा करने के निर्देश दिए।
डीएसपी ज्योत्स्ना चौधरी ने कहा कि बुधवारी बाजार, इतवारी बाजार और स्कूलों के आसपास भीड़ अधिक रहती है, इसलिए इन स्थानों पर ऑटो चालक विशेष सावधानी बरतें। सीट क्षमता से अधिक सवारी किसी भी स्थिति में न बैठाएं। अचानक सवारी बैठाने के लिए सड़क के बीच वाहन रोकने से दुर्घटना और यातायात बाधित होने की स्थिति बन सकती है।
उन्होंने मालवाहक ऑटो चालकों को भी निर्देशित किया कि मालवाहक ऑटो में सवारी न बैठाएं और वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक माल लोड कर परिवहन न करें। उन्होंने कहा कि ऑटो एवं ई-रिक्शा से किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, इसके लिए चालक यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करें।
डीएसपी ने चालकों को अनावश्यक यू-टर्न लेने और रॉन्ग साइड में वाहन चलाने से बचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कई बार थोड़ी दूरी बचाने के लिए चालक यू-टर्न लेकर गलत दिशा में वाहन चलाने लगते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों से टक्कर की आशंका रहती है। यात्रियों और राहगीरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।
बैठक में ऑटो चालक संघ के अध्यक्ष अध्यक्ष आजम खान, सचिव पंकज तिवारी, बैटरी ऑटो अध्यक्ष वाल्मीकि तथा मालवाहक ऑटो संघ के अध्यक्ष बंजारे सहित अन्य चालक उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग की ओर से एएसआई ईश्वरी लहरे, हेड कांस्टेबल लखन सिंह, कांस्टेबल राम पटेल एवं अजय सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऑटो चालकों का सहयोग जरूरी है।
नियमों का पालन कर चालक न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे, बल्कि यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकेंगे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
