कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ढेंगुरनाला के पास गुरुवार रात ट्रांसपोर्टर के साथ लूट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत आधा दर्जन युवकों ने ट्रांसपोर्टर की कार रोककर चाकू की नोक पर पर्स व अन्य सामान लूट लिया तथा वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्टर अखिलेश सिंह टीपी नगर से काम निपटाकर पथरीपारा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ढेंगुरनाला के पास पहुंचे, वहां मौजूद आरोपियों ने उनकी कार पर हमला कर दिया। जबरन गाड़ी रुकवाकर आरोपियों ने अखिलेश सिंह के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर लूटपाट को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़ित ने सीएसईबी चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी इससे पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ कर चुके हैं, लेकिन पूर्व में किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
शराब के नशे में दिया वारदात को अंजाम
गिरफ्तार बालिग आरोपियों में सोनमणि बंजारे (18) निवासी अंबेडकर चौक बालको, एकलव्य राव उर्फ सानू (18) निवासी पीपरपारा कोहड़िया एवं गौतम साहू (30) निवासी ढेंगुरनाला कोहड़िया शामिल हैं। तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और वारदात के समय शराब के नशे में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से चाकू, डंडा, बेल्ट सहित अन्य हथियार जब्त किए हैं।
मामले में एडिशनल एसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर कुल छह लोगों को पकड़ा गया है। इनमें तीन अपचारी बालक हैं, जिन्हें बाल न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया है, जबकि तीन बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

