विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक, आयुक्त व रोल ऑब्जर्वर ने दी एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी

कोरबा।निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संबंध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर बिलासपुर संभाग सुनील जैन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत उपस्थित रहे।

आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर श्री जैन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियाँ आमंत्रित की गई हैं।

इस दौरान मृत मतदाताओं एवं दो स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नाम विलोपित किए जा रहे हैं। साथ ही ‘सी’ श्रेणी में सम्मिलित मतदाताओं से भी दावा-आपत्ति प्राप्त की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरण एवं अन्य आवश्यक सुधार के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की सुनवाई के पश्चात पात्र पाए गए आवेदकों के अनुसार मतदाता सूची का संशोधन किया जाएगा।

आयुक्त श्री जैन ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया में बूथ लेवल असिस्टेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता आवेदन से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से सुना गया। मृत, स्थानांतरित एवं अनुपस्थित मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराने की मांग पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह सूची बीएलए के पास उपलब्ध है और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उसका अवलोकन कर सकते हैं।

बूथ और भाग संख्या में परिवर्तन के कारण मतदाताओं को नाम खोजने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए नए एवं पुराने भाग संख्या की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश उप निर्वाचन अधिकारी को दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यही है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न छूटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो।

बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अपर कलेक्टर  देवेंद्र पटेल, संयुक्त कलेक्टर ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर  तुलाराम भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।