कोरबा।समय पर हुई अच्छी बारिश और छत्तीसगढ़ सरकार की बेहतर किसान हितैषी नीतियों से कोरबा विकासखंड के ग्राम तरदा निवासी किसान कृपाल सिंह की खेती इस वर्ष सफल और लाभकारी रही। लगभग 7 एकड़ भूमि में धान की खेती करने वाले कृपाल सिंह की फसल बिना किसी बाधा के तैयार हुई और खेतों में लहलहाती फसल ने उनकी मेहनत को सार्थक कर दिया।
कृपाल सिंह बताते हैं कि शासन द्वारा धान का उचित समर्थन मूल्य तय किए जाने से किसानों में भरोसा बढ़ा है। फसल पकने के बाद उन्होंने अपना धान उपार्जन केंद्र कनकी में बेचा। 7 एकड़ में की गई खेती से उन्हें 100 क्विंटल से अधिक धान का उत्पादन प्राप्त हुआ, जिसमें से कुछ धान घरेलू उपयोग के लिए रखकर शेष का विक्रय किया गया।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त राशि से उन्होंने अतिरिक्त जमीन भी खरीदी, जिससे उनकी कृषि और आजीविका दोनों को मजबूती मिली है। कृपाल सिंह शासन की उपार्जन व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि अब टोकन आसानी से मिल जाता है और तय तिथि पर बिना किसी परेशानी के धान बिक्री की जा सकती है।
उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था, पीने का पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले धान बेचने के लिए किसानों को रात-रात भर इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू हो गई है।
कृपाल सिंह के अनुसार, समर्थन मूल्य और अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि को मिलाकर किसानों को प्रति क्विंटल लगभग 3100 रुपये का मूल्य मिल रहा है। इस वर्ष उन्होंने करीब 100 क्विंटल धान उपार्जन केंद्र में बेचा है। उनका मानना है कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों से खेती अब पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और लाभदायक हो गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

