एकीकृत किसान पोर्टल पर विवरण संशोधन की समय-सीमा 7 जनवरी तक बढ़ाई गई

किसानों की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ शासन का महत्वपूर्ण निर्णय, पात्र किसान अब त्रुटियां सुधारकर योजनाओं का उठा सकेंगे लाभ

कोरबा। कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन एवं विवरण संशोधन की समय-सीमा बढ़ा दी है। विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब किसानों के पंजीयन विवरण में संशोधन की सुविधा 07 जनवरी 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

जानकारी के मुताबिक, 15 दिसंबर 2025 तक केसीसी, ई-ऋण, वन पट्टाधारी किसानों सहित अन्य श्रेणी के किसानों का पंजीयन संबंधित समितियों के लॉगिन के माध्यम से किया गया था। पंजीयन के बाद कई किसानों ने अपने विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन किए थे। इन आवेदनों को देखते हुए शासन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं पटवारियों द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद “विवरण संशोधन” की सुविधा सभी समितियों में समिति लॉगिन से 07 जनवरी 2026 तक जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

इस निर्णय से पात्र किसानों को अपने पंजीयन में गलतियों को सुधारने का मौका मिलेगा, जिससे वे शासन की विभिन्न कृषि एवं कल्याण योजनाओं का समय पर लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

कृषि विभाग ने इस संबंध में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सहकारिता विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

अधिकारियों से अपील की गई है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देकर इस प्रक्रिया का सुचारू और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

किसानों से अनुरोध है कि वे निकटतम सहकारी समिति या संबंधित विभाग से संपर्क कर शीघ्र अपना विवरण संशोधन करा लें।