दो भीषण सड़क हादसे:कारें क्षतिग्रस्त,घायल हुए लोग लेकिन जान सुरक्षित; एयरबैग ने बचाई जिंदगियां

बालको क्षेत्र में तेज रफ्तार कार बिजली खंभे से टकराकर पलटी, दो घायल

दर्री ओवरब्रिज पर दो मारुति डिजायर की आमने-सामने टक्कर, इंजन उड़े परखच्चे

कोरबा। कोरबा जिले में गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर दो सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात रही कि दोनों हादसों में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली, घायलों को अस्पताल भिजवाया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

बालको क्षेत्र में कार बिजली के खंभे से टकराकर पलटी
बालको थाना क्षेत्र के परसाभांठा मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चार लोगों को स्थानीय नागरिकों की मदद से बाहर निकाला गया। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज गति से वाहन चलाने की समस्या आम है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

दर्री ओवरब्रिज पर दो कारों की भीषण आमने-सामने टक्कर
दर्री थाना क्षेत्र के दर्री ओवरब्रिज पर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे एक भयानक हादसा हुआ। भाटापारा निवासी राहुल एक्का अपनी मारुति डिजायर कार से कोरबा की ओर जा रहे थे। ब्रिज पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी मारुति डिजायर ने लापरवाही से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कोरबा से आ रही कार घूमते हुए दर्री पावर प्लांट की ओर जा घुसी और उसका एक पहिया अलग हो गया। दोनों गाड़ियों के इंजन के परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि समय पर एयरबैग खुलने से तीन लोगों की जान बच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

ये दोनों हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुए लगते हैं। क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा पर अधिक ध्यान देने और स्पीड लिमिट का पालन करने की मांग की है।