ग्रामीणों के सहयोग से राजस्व टीम ने हटाए अवैध कब्जे, कलेक्टर ने की सराहना
कोरबा। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर ग्राम भूलसीडीह में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए आवंटित शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई है। तहसीलदार भैसमा के.के. लहरे के नेतृत्व में राजस्व टीम ने ग्रामीणों और सरपंच के सक्रिय सहयोग से कुल 28 एकड़ भूमि में से 18 एकड़ रकबे को अवैध कब्जों से मुक्त कराया।
इस कार्रवाई में राजस्व अमले और स्थानीय ग्रामवासियों की भागीदारी सराहनीय रही, जिससे भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य के लिए संरक्षित किया जा सका। जिला प्रशासन ने सरपंच और ग्रामीणों के सहयोग की प्रशंसा की है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शासन द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए स्वीकृत भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि विकास कार्यों में कोई बाधा न आए।
यह कार्रवाई कोरबा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मेडिकल कॉलेज के शीघ्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
