छुट्टी और हाजिरी कटौती पर विवाद बढ़ा मारपीट तक, दीपका पुलिस ने दर्ज किया मामला
कोरबा (दीपका)। एसईसीएल के दीपका क्षेत्र में ओवरबर्डन खनन का ठेका संभाल रही कलिंगा कॉरपोरेशन (केसीसी डेको) कंपनी के साइट ऑफिस में मंगलवार को बड़ा हंगामा हुआ।
कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने छुट्टी संबंधी विवाद के दौरान महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट इंचार्ज) महेश बाबू पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। इस दौरान ऑफिस की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिसमें खिड़कियां टूट गईं और मिट्टी का गमला फेंका गया।
घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस और सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रोजेक्ट मैनेजर महेश बाबू की शिकायत तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दीपका पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2)(3)(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान लेकर जांच कर रही है।
कंपनी के एल एंड आर हेड (जीएम) विकास दुबे ने बताया कि छुट्टी के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद अनावश्यक रूप से बढ़ा दिया गया। कुछ कर्मचारियों ने प्रोजेक्ट मैनेजर पर हमला किया और ऑफिस में तोड़फोड़ की।
विवाद की जड़ सोमवार को आयोजित छत्तीसगढ़ी संस्कृति कार्यक्रम में बताई जा रही है, जिसमें कुछ मजदूर छुट्टी लेकर शामिल हुए थे। वापस लौटने पर उनकी हाजिरी काट दी गई, जिससे नाराजगी बढ़ी।
मजदूरों का आरोप है कि जीएम महेश बाबू का व्यवहार उनके प्रति उचित नहीं रहता। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

