कोरबा। नववर्ष के अवसर पर कोरबा जिले के जिलेवासियों से विशेष अपील करते हुए वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम (नोवा नेचर) के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने कहा कि परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक स्थलों, पर्यटन स्थलों एवं प्राकृतिक क्षेत्रों में घूमने जाएं तो वहां स्वच्छता का पूरा ध्यान रखें। गंदगी फैलाने से बचें और प्लास्टिक, बोतलें, पन्नी एवं डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग कम करें। उपयोग के बाद कचरे को निर्धारित जगहों पर ही डालें। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारे छोटे-छोटे प्रयास ही पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बना सकते हैं।
जितेंद्र सारथी ने आगे कहा कि पर्यटन स्थलों, जलस्रोतों, जंगलों और सार्वजनिक जगहों को साफ रखने में हर नागरिक अपनी भागीदारी निभाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने पिकनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की भी सलाह दी। हर साल नशे में वाहन चलाने से बड़ी दुर्घटनाएं होती हैं, जिसमें कई लोगों की जान जाती है। साथ ही, खुले में शराब पीने से बच्चों पर गलत असर पड़ता है, जो हमारी संस्कृति और संस्कारों के विरुद्ध है।
कोरबा जिले में अन्य जिलों एवं राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यदि हम खुद गंदगी फैलाएंगे तो जिले की छवि खराब होगी और आने वाले पर्यटकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इस पर सभी को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
अंत में जितेंद्र सारथी ने नारा दिया: स्वच्छता अपनाएं – प्रकृति बचाएं – नववर्ष को हरित बनाएं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
