कोरबा। जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल को संचालित हुए चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन पोस्ट ग्रेजुएट (PG) कक्षाओं के लिए आवश्यक प्राध्यापकों की भर्ती अभी भी अधर में लटकी है। PG कोर्स संचालन के लिए जरूरी 96 पदों में से करीब 50 पद खाली पड़े हैं। प्राध्यापकों की कमी के कारण अध्ययनरत छात्रों को स्वाध्याय पर निर्भर रहकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
नियमों के अनुसार,PG कक्षाओं के लिए प्रोफेसर,एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के तीन स्तरों पर नियुक्ति अनिवार्य है। इनमें प्रोफेसर के 22 पदों में सिर्फ 4 ही भरे गए हैं। इसी तरह एसोसिएट प्रोफेसर के 32 में से 16 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 42 में से 12 पद रिक्त हैं। इस कमी ने मेडिकल शिक्षा की कमजोर व्यवस्था को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
वर्ष 2025-26 में MBBS की पहली बैच पासआउट होने वाली है। छात्रों को MD की पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए कॉलेज प्रबंधन ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से एनेस्थिसिया, मेडिसीन, गायनीकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स और सर्जरी ये पांच विषयों में PG कोर्स शुरू करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि, पीडियाट्रिक्स में प्राध्यापक पदों की कमी के कारण NMC ने केवल चार विषयों एनेस्थिसिया, मेडिसीन, गायनीकोलॉजी और सर्जरी में अनुमति प्रदान की।
NMC ने इन चार विषयों में PG एडमिशन की मंजूरी दे दी है। कुल 13 सीटें स्वीकृत की गई हैं। ऑल इंडिया कोटे की 6 सीटों पर एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि राज्य कोटे की सीटों पर प्रवेश अभी इंतजार में है।
इसके अलावा, मेडिकल कॉलेज में डेंटल और नर्सिंग कोर्स शुरू करने की योजना भी जगह की कमी के कारण रुकी हुई है। सीमित परिसर के चलते आईटीआई कैंपस में इन कोर्सेस की शुरुआत संभव नहीं हो सकी। नए भवन के निर्माण के बाद ही इन विषयों में प्रवेश शुरू हो पाएगा।
जिला मेडिकल कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट डॉ. गोपाल कंवर ने बताया कि रिक्त प्रोफेसर पदों के संबंध में शासन को अवगत कराया जा चुका है। लंबे समय बाद नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है, जिससे जिले के मेडिकल कॉलेज को भी जल्द लाभ मिलने की उम्मीद है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
