उतरदा में बनेगी मॉडल टाउनशिप: हरदीबाजार के विस्थापित परिवारों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, SECL दीपका की बड़ी पहल

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) दीपका क्षेत्र हरदीबाजार के विस्थापित परिवारों के लिए उतरदा में एक आधुनिक और मॉडल पुनर्वास एवं पुनर्वसन (R&R) स्थल विकसित कर रहा है। यह टाउनशिप लगभग 46 हेक्टेयर भूमि पर बसाई जा रही है, जिसे तकनीकी विशेषज्ञों और आर्किटेक्ट्स ने आदर्श R&R साइट के रूप में डिजाइन किया है।

यह जानकारी SECL दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि टाउनशिप को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए NTPC रेलवे लाइन के समांतर करीब 6.5 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे पुनर्वास स्थल तक पहुंच सुगम, सुरक्षित और निर्बाध होगी।

महाप्रबंधक ने कहा कि प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को 6 डिसमिल का आवासीय प्लॉट दिया जाएगा। यह परियोजना हरदीबाजार क्षेत्र के लिए SECL दीपका की अब तक की सबसे बेहतरीन पुनर्वास योजनाओं में से एक है।

RFCTLARR एक्ट-2013 के शेड्यूल-III के अनुसार टाउनशिप में सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें शामिल हैं:

सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र, पार्क और हरित पट्टी

प्राथमिक एवं उच्चतर शिक्षा के लिए स्कूल

आंगनबाड़ी केंद्र

अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाएं

तहसील एवं पंचायत भवन

सामुदायिक एवं प्रशासनिक भवन

निरंतर बिजली के लिए सब-स्टेशन

बाजार एवं व्यावसायिक परिसर

खेल मैदान

तालाब एवं जल संरचनाएं

पुलिस थाना

प्रमुख मार्ग एवं आंतरिक सड़कें

श्री मिश्रा ने कहा कि इन सुविधाओं से विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय जीवन मिलेगा। कोरबा जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इस साइट को प्रदेश की मॉडल पुनर्वास परियोजना बनाया जा रहा है, जो सामाजिक पुनर्वास और आधारभूत विकास के नए मानदंड स्थापित करेगी।

उन्होंने आगे बताया कि उतरदा R&R स्थल का विस्तृत नक्शा और सुविधाओं की जानकारी वाला 8×6 फीट का बड़ा बैनर हरदीबाजार ग्राम पंचायत एवं तहसील कार्यालय में प्रदर्शित किया गया है। ग्रामवासियों को सूचना देने के लिए मुनादी भी कराई गई है।