अस्मिता खेलो इंडिया वेस्ट जोन किकबॉक्सिंग:हर्षिता यादव ने जीता स्वर्ण, चार खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया; राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

कोरबा। खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा देशभर के 150 शहरों में अस्मिता किकबॉक्सिंग सिटी लीग का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अस्मिता खेलो इंडिया वेस्ट जोन किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता 25 से 29 दिसंबर 2025 तक इंदौर में आयोजित हुई।

इस प्रतियोगिता में वेस्ट जोन के मध्य प्रदेश, तेलंगाना, दमन दीव, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा सहित छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ से 68 बालिका एवं महिला किकबॉक्सर्स ने भाग लिया। कोरबा जिले की सी एम ए किकबॉक्सिंग एकेडमी की खिलाड़ी हर्षिता यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। वहीं लोकिता चौहान, नाफिया सिद्दीकी, श्रेया लक्ष्मी साहू और कर्रा तेजस्विनी ने कांस्य पदक हासिल किए।

इसके अलावा दिव्या कर्ष, कृति शर्मा, मानसी यादव, नूतन तिवारी, सिद्धि सिंह सोनवानी, वी संभवी, वी ज्ञानवी, अंशिका चन्द्रा और माही जायसवाल ने विभिन्न वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया।

सभी विजेता खिलाड़ियों का चयन मार्च 2026 में चेन्नई में होने वाली अस्मिता खेलो इंडिया राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो गया है। साथ ही उन्हें स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) द्वारा नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा और महासचिव आकाश गुरुद्वान ने इस सफलता पर खुशी जताई। प्रदेश अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा, जिला खेल अधिकारी दीनू पटेल, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, एकेडमी डायरेक्टर श्रीमती प्रीति मिश्रा सहित कई खेल पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने विजेता टीम को बधाई दी है।