इमली डुग्गू में नशेड़ियों का खौफ: युवक को घर के बाहर घसीटकर पीटा,चाकू दिखाकर किया हमला; इलाके में दहशत

कोरबा।कोतवाली थाना क्षेत्र के इमली डुग्गू में नशेड़ी युवकों के आतंक का एक गंभीर मामला सामने आया है। निजी कंपनी में काम करने वाले संजय यादव देर शाम घर लौट रहे थे, तभी घर के बाहर कुछ नशेड़ी युवक गाली-गलौज कर रहे थे। संजय ने उन्हें समझाकर घर में प्रवेश किया और गेट बंद करने लगे, इसी दौरान महेश, साहिल, बिट्टू, छोटू पांडे, विजय पांडे, उमेश, सागर सहित छह से अधिक युवक वहां पहुंच गए और उन पर अचानक हमला बोल दिया।

हमलावरों ने संजय की जमकर पिटाई शुरू कर दी।

चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर निकले और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। संजय ने बताया कि हमलावर उन्हें गेट से घसीटते हुए सड़क पर ले गए और वहां भी बेरहमी से पीटा। इस दौरान उनके हाथों में चाकू भी थे, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई।

मारपीट से संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान हो गए। फिलहाल उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।

पीड़ित संजय और उनके भाई विजय यादव ने बताया कि आरोपी युवक नशे के आदी हैं और गोली जैसे नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। आए दिन इस तरह की घटनाएं करते रहते हैं। इनका इतना आतंक है कि शाम ढलते ही क्षेत्र की महिलाएं और बच्चे घर से बाहर निकलने से डरते हैं। पूरा परिवार डर के साये में जीने को मजबूर है।

घटना की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है।

पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।