कोरबा पुलिस की ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 96 वाहनों का चालान,42 हजार रुपये जुर्माना वसूला

कोरबा।सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के लिए कोरबा पुलिस ने शहर एवं जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग (तीन सवारियां) के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना, नियमों का उल्लंघन रोकना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

ट्रैफिक पुलिस एवं थाना-चौकी स्टाफ ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच की। अभियान में कुल 96 दोपहिया वाहन चालकों को ट्रिपल राइडिंग करते पकड़ा गया, जिनके खिलाफ चालान काटा गया। सबसे ज्यादा कार्रवाई कटघोरा थाना क्षेत्र में 17, बालको में 13 और कोटवाली थाना क्षेत्र में 13 वाहनों पर हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ट्रिपल राइडिंग मोटर व्हीकल एक्ट का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ता है, ब्रेकिंग क्षमता प्रभावित होती है और नियंत्रण खोने का खतरा बढ़ जाता है, जो गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

कोरबा पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे नियम उल्लंघनों पर भविष्य में भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि खुद और दूसरों की जान सुरक्षित रहे।