बलगी कॉलोनी में एसईसीएल कर्मचारी का संदिग्ध हालत में शव बरामद, शराब सेवन से मौत की आशंका

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) कोरबा क्षेत्र के बलगी आवासीय परिसर में एक कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बलगी कॉलोनी के एमक्यू टाइप क्वार्टर में रहने वाले शिवम वैष्णव (ओम शिवम वैष्णव) का दरवाजा पिछले दो दिनों से नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। घर से तेज बदबू आने पर इसकी सूचना डायल 112 और बांकीमोंगरा पुलिस को दी गई।

एसआई नंदलाल टंडन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला, जहां शिवम वैष्णव का शव औंधे मुंह फर्श पर पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक बीते दो दिनों से घर में अकेले थे, जबकि उनकी मां निजी कार्य से रायपुर गई हुई थीं।

पुलिस के अनुसार मृतक नशे का आदी था, ऐसे में प्राथमिक जांच में अत्यधिक मात्रा में शराब सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखवाया गया है तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मृतक की मां के लौटने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद बलगी कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।