कोरबा। गेवरा खदान से अदाणी पावर प्लांट के लिए जयरामनगर साइडिंग भेजे जा रहे कोयले की हेराफेरी के सनसनीखेज मामले में दीपका पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज खांडे, जगदेव भास्कर और राहुल वस्त्रकार शामिल हैं। इनमें एक सुपरवाइजर, दूसरा पेट्रोलिंग टीम का कर्मचारी और तीसरा जीपीएस डिवाइस से छेड़छाड़ करने वाला विशेषज्ञ बताया जा रहा है।
आरोपियों के खिलाफ कोयला हेराफेरी के साथ-साथ तकनीकी उपकरणों से छेड़छाड़ सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इससे पहले मामले में अलग-अलग तिथियों पर 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें लक्ष्मण कुमार (25 वर्ष, मस्तूरी बिलासपुर), तुषार खंडे (24 वर्ष, परसदा सकरी बिलासपुर), गोपी किशन सोनझरी (22 वर्ष, खमरिया बिलासपुर), दुर्गेश कुमार साहू (22 वर्ष, धतूरा कोरबी हरदी बाजार कोरबा) और अतीक मेमन (26 वर्ष, हाथी बाजार) शामिल हैं। अब कुल गिरफ्तारियां 13 हो गई हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी जयरामनगर साइडिंग पर कोयला डंप करने के बजाय सिर्फ टीपी (ट्रांजिट परमिट) जमा करके कोयला अन्य जगहों पर खपाया करते थे। अब तक करीब 365 टन कोयला (करीब पौने छह लाख रुपये कीमत का, कुछ सूत्रों में 335 टन और 5.76 लाख रुपये बताया जा रहा है) की हेराफेरी का पता चला है। मामले में छह ट्रेलर भी जब्त किए जा चुके हैं।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि कंपनी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। जांच में संलिप्तता सामने आने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस की जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस मामले ने कोयला तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
