धान बेचकर खिले किसान के चेहरे, सरकारी व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए कृषक

कोरबा।कोरबा ब्लॉक के ग्राम करुमौहा निवासी किसान किसन बंजारे के चेहरे पर आज संतोष और प्रसन्नता साफ झलक रही थी। उन्होंने धान उपार्जन केंद्र नकटीखार में 145 क्विंटल धान का विक्रय किया।

लगभग 8 एकड़ भूमि में खेती करने वाले किसान किसन बंजारे ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने 150 क्विंटल धान बेचा था। इस वर्ष समय पर हुई बारिश और अनुकूल मौसम के चलते उनकी फसल बेहतर रही। उन्होंने बताया कि जितना धान बोया गया था, लगभग उतनी ही मात्रा में फसल प्राप्त हुई है।

किसन बंजारे ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार राहत और सहयोग दिया जा रहा है। धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं, पारदर्शी प्रक्रिया और समय पर खरीदी होने से किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। किसानों को केवल टोकन लेकर निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुँचना होता है।

उपार्जन केंद्र में बैठने की समुचित व्यवस्था, पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

सरकार की सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था और बेहतर मौसम ने किसान किसन बंजारे के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।