NTPC नहर के साइफन में मटकी में बंद मासूम का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत NTPC नहर के तीन नंबर गेट स्थित साइफन में एक मासूम बच्चे का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को साइफन में कचरा फंसे होने की शिकायत पर एक सफाई कर्मचारी सफाई करने पहुंचा था। सफाई के दौरान उसकी नजर एक मटकी पर पड़ी, जिसमें सफेद कपड़ा बंधा हुआ था। पूजा सामग्री या अस्थि विसर्जन की आशंका में जब सफाई कर्मचारी ने मटकी को तोड़ा, तो अंदर एक मासूम बच्चे का शव देखकर वह घबरा गया और मौके से भाग निकला। बाद में उसने इस घटना की जानकारी अन्य लोगों को दी।

सूचना फैलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और देखा कि शव साइफन में फंसा हुआ है। तुरंत दर्री थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी गंगा राम ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई हुई। दर्री थाना प्रभारी ने कहा कि मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

शव नहर में कैसे पहुंचा, इसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है।

फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है और पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।