कोरबा। इंडस्ट्रियल एरिया खरमोरा में एक वाचमैन के घर से अज्ञात चोरों ने 60 हजार रुपये नकद सहित सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पूरी वारदात पास की फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें पांच संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। सिविल लाइन पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
खरमोरा निवासी ओम सोनी अपनी पत्नी के साथ रहते हैं और बसंल फ्लाई ऐश फैक्ट्री में रात की ड्यूटी पर चौकीदार का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वे घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए थे। अगली सुबह 26 दिसंबर को लगभग 5 बजे घर लौटने पर पता चला कि मुख्य गेट का ताला तो लगा हुआ था, लेकिन घर के दरवाजे का कब्जा तोड़कर चोर अंदर घुस आए थे।
चोरों ने दीवान में रखे एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक चांदी का पायल और 60 हजार रुपये नकद पार कर दिए। पास की फैक्ट्री के सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 1:54 बजे पांच संदिग्ध लोग चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ित ओम सोनी ने बताया कि घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक चोर पकड़े नहीं गए हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी यहां कई चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, जिनमें पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को जेल भेजा था। बावजूद इसके चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने का दावा कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
