कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने सोमवार सुबह नगर के एसएस प्लाजा व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में बालाजी स्टील और पद्मिनी ज्वेलर्स की दुकानों में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इसे दुखद घटना बताते हुए दुकान संचालकों एवं कारोबारियों से चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने आसपास की विद्युत व्यवस्था में खामियां देखीं और इसे आगजनी का एक प्रमुख कारण माना। उन्होंने सीएसईबी अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए कि बिजली संसाधनों की कमियों को दूर किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी अनहोनी रोकी जा सके।
सांसद ने अग्निशमन वाहनों के घटनास्थल पर पहुंचने में हुई देरी और उनकी तकनीकी समस्याओं पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के यार्डों के बजाय शहर के मध्य में कुछ अग्निशमन वाहन स्थायी रूप से तैनात करने की व्यवस्था की जाए, जिससे आपात स्थिति में त्वरित पहुंच संभव हो सके।
इस मौके पर जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान, सांसद प्रतिनिधि हरीश परसाई, किरण चौरसिया और अभिषेक वाजपेयी सहित अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।
सांसद की इस पहल से कारोबारियों ने राहत महसूस की और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















