कोरबा विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी में अटल बिहारी बाजपेयी के विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में योगदान का हुआ स्मरण

कोरबा। भारत रत्न, छत्तीसगढ़ के निर्माता और युगद्रष्टा राष्ट्रनेता श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर कोरबा विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी का भव्य आयोजन भाजपा जिला कार्यालय टी.पी.नगर, कोरबा में किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य अटल जी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत तथा जिला संगठन सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला की गरिमामय उपस्थिति रही। वक्ताओं ने अटल बिहारी बाजपेयी जी के राजनीतिक, पत्रकार और कवि रूप पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें विचार, संवेदना और संवाद का प्रतीक बताया।

मुख्य वक्ता लखन लाल देवांगन ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी जी ने विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। पोखरण परमाणु परीक्षण से लेकर छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण तक उनके निर्णय दूरदर्शिता और साहस के उदाहरण हैं। उन्होंने पत्रकारिता और काव्य के माध्यम से लोकतंत्र को भी सशक्त किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अटल जी के जीवन को कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने राजनीति में शुचिता, मर्यादा और संवाद की संस्कृति स्थापित की, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।

जिला संगठन सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि अटल जी ने राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उनके विचारों को आत्मसात कर ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। उनकी कविताएं राष्ट्रप्रेम और मानवता की भावना से ओतप्रोत हैं।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक चावलानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संगोष्ठी के दौरान अटल बिहारी बाजपेयी जी के जीवन, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम देशभक्ति और प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।