भव्य कौशल्या यात्रा: मातृशक्ति ने सिर पर रामनाम पुस्तिकाएं धारण कर गूंजा जय श्रीराम के नारे

अयोध्या राम मंदिर निर्माण की दूसरी वर्षगांठ पर तीन अरब रामनाम लेखन महायज्ञ का आयोजन; ग्रामीण महिलाओं की रही दमदार भागीदारी

कोरबा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कोरबा जिले में तीन अरब 33 करोड़ 33 लाख रामनाम लेखन महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ओपन थिएटर से दशहरा मैदान आरपी नगर तक निकाली गई विशाल कौशल्या यात्रा में हजारों महिलाओं ने सिर पर रामनाम लेखन पुस्तिकाएं धारण कीं और सनातन धर्म के जयकारे लगाते हुए मार्च किया, जिससे पूरा वातावरण राममय हो गया।

यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। सुभाष चौक पर भाजपा नेताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, मेयर संजूदेवी राजपूत, जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्य कार्यक्रम दशहरा मैदान में आयोजित हुआ, जहां दक्षिण भारत की प्रखर नेत्री माधवी लता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

हिंदू सम्मेलन 2025 में दुर्गा शक्ति सभा से पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और रामनाम पुस्तिकाओं की पूजा-अर्चना की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल, योगेश जैन, नवीन अरोरा, दीप नारायण सोनी, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष अजय पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम की खास बात रही ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाओं की भारी उपस्थिति। जटगा, पसान, पोड़ी-उपरोड़ा, बुंदेली, नकिया, अरसेना, तुमान, गढ़-उपरोड़ा, सतरेंगा, देवपहरी, पाली जैसे दूरदराज के गांवों से महिलाएं बच्चों के साथ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि रामनाम लेखन में श्रम करने वालों का सम्मान करते हुए हम भी इन पुस्तिकाओं को सिर पर धारण कर आनंद की अनुभूति ले रहे हैं।

यह आयोजन सनातन संस्कृति की जीवंतता का प्रतीक बना और लोगों में राम भक्ति की लहर दौड़ा गया।