नवोदय विद्यालय में भूतपूर्व छात्र सम्मेलन: 120 से अधिक एलुमनी ने स्मृतियों को किया ताजा

कोरबा। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोरबा में आज भूतपूर्व छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मेलन (Alumni Meet 2025) उत्साह और सौहार्दपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देश के विभिन्न हिस्सों से आए 120 से अधिक पूर्व छात्रों की उपस्थिति ने विद्यालय परिसर को स्मृतियों और आत्मीयता से भर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र आशुतोष पाण्डेय, IAS (कमिश्नर, नगर निगम कोरबा) ने अपने प्रेरक संबोधन में नवोदय की अनूठी शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने विद्यालय में बिताए दिनों की यादें ताजा करते हुए बताया कि कैसे नवोदय प्रतिभाशाली छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वर्तमान छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।

इस दौरान मुख्य अतिथि ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त संतोष कुमार चौरसिया, पीजीटी (रसायन विज्ञान) को एलुमनी की ओर से श्रीफल, शॉल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या श्रीमती पी.आर.शंकरी ने की। उन्होंने सभी पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए पूर्व शिक्षकों अदीप मिश्र,एम.के.मिश्र,महाबली पोर्टे एवं दिलहरन घृतलहरे का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समापन पर एलुमनी प्रभारी शेर अफगान ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में लोकचंद सोनटके, रामावतार, सुश्री अनामिका, सत्येंद्र सिंह, विक्रांत आक्रे सहित सभी कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।

यह सम्मेलन न केवल पुरानी यादों का मिलन था, बल्कि नवोदय की परंपरा और मूल्यों को मजबूत करने वाला प्रेरणादायी आयोजन साबित हुआ।