दीपका क्षेत्र में अवैध ईंट भट्टों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई,30 हजार ईंटें जब्त, धारा 9 उल्लंघन पर सख्ती जारी

कोरबा/हरदीबाजार।SECL दीपका क्षेत्र अंतर्गत अधिग्रहित की जा रही भूमि पर अवैध कब्जे, निर्माण और व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। धारा 09 (अधिग्रहण प्रक्रिया) के प्रकाशन के बाद नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में अवैध ईंट निर्माण और रेत के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की गई है।

30 हजार अवैध ईंटें जब्त
27 दिसंबर 2025 को प्रशासनिक टीम ने दीपका क्षेत्र में दबिश देते हुए अनीता राठौर के ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की।

जांच में पाया गया कि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत अधिसूचित भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से ईंटों का निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके से 30 हजार नग अवैध ईंटें जब्त कीं।

धारा 09 का उल्लंघन पड़ेगा भारी
अधिकारियों ने बताया कि SECL दीपका क्षेत्र के लिए धारा 09 का प्रकाशन हो चुका है, जिसके बाद संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का नया निर्माण या व्यवसायिक गतिविधि पूरी तरह प्रतिबंधित है।इसके बावजूद कुछ लोग मुआवजे के लालच में अवैध ईंट भट्ठों का संचालन कर रहे हैं।

नदी-नालों से अवैध रूप से रेत निकालकर निर्माण कार्यों में उपयोग कर रहे हैं।

पहले भी हो चुकी है बड़ी जब्ती
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी और अधिग्रहित भूमि को सुरक्षित रखना उनकी प्राथमिकता है। इससे पहले हरदीबाजार और सुआभोड़ी क्षेत्र में 18 ईंट भट्ठों पर छापा मारकर करीब 9 लाख ईंटें जब्त की जा चुकी हैं।

वाहनों की राजसात प्रक्रिया होगी तेज
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध ईंट निर्माण और रेत उत्खनन व परिवहन में संलिप्त जेसीबी, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को राजसात करने की कार्रवाई भी तेज की जाएगी।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश
“धारा 09 के प्रकाशन के बाद किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण कानूनन अपराध है। अधिग्रहण प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”