आकांक्षा सेल्स कॉरपोरेशन में चोरी: 80 हजार नकद, लैपटॉप-मोबाइल सहित DVR ले उड़े चोर

कोरबा। सीएसईबी चौकी अंतर्गत शहर के मध्य टीपी नगर स्थित आकांक्षा सेल्स कॉरपोरेशन में रविवार सुबह चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। दुकान संचालक दीपक अग्रवाल सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ और हल्का खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो काउंटर खुला था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।

दीपक अग्रवाल ने तुरंत सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। दुकानदार के अनुसार, चोर काउंटर से करीब 80 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और कुछ अन्य सामान चुराकर ले गए। सबसे अहम बात यह कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का DVR भी चोर उखाड़कर साथ ले गए, जिससे फुटेज मिलने की उम्मीद कम हो गई है।

सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। हालांकि, आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खराब होने से चोरों की तलाश में पुलिस को दिक्कतें आ रही हैं।

चौकी प्रभारी ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे अपने सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से अपडेट और चालू रखें, ताकि ऐसी घटनाओं में सबूत मिल सके और अपराधियों तक पहुंचना आसान हो।

यह घटना शहर में बढ़ती चोरी की वारदातों को उजागर करती है, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों की फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।