मामूली विवाद में पेंटर पर जानलेवा हमला:दो आरोपियों पर केस दर्ज

कोरबा। मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि एक पेंटर को डंडे से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। घटना 21 दिसंबर की रात की है।

पीड़ित राजू राम (39 वर्ष), जो बैगिनडभार का रहने वाला है और पेंटर का काम करता है, अपनी पत्नी लक्ष्मी तथा पड़ोसियों शंकर राम, संजीव राम और पवन राम के साथ घर के सामने आग ताप रहा था। तभी बब्बू साह वहां आया और सिगरेट मांगा। इंकार करने पर वह गाली-गलौच करने लगा और विवाद शुरू हो गया।

इस दौरान बब्बू का दोस्त लालू डंडा लेकर पहुंचा। बब्बू ने डंडा छीन लिया, लालू ने पीड़ित के दोनों हाथ पीछे से पकड़ लिए और बब्बू ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से राजू राम के बाएं आंख के ऊपर माथे पर वार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पत्नी लक्ष्मी और पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर थाने में बब्बू साह और लालू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 3(5), 351(2) तथा 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।