सीपीआई के 100 वर्ष: गेवरा क्षेत्र में विचार और संघर्ष पर संगोष्ठी आयोजित

कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के शताब्दि वर्ष का उत्सव गेवरा क्षेत्र के कार्यालय कामरेड देवराज भवन, आजाद चौक, दीपका कॉलोनी में संगोष्ठी के रूप में मनाया गया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एलपी अघरिया ने कहा कि 17 अक्टूबर 1920 को ताशकंद में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना हुई थी, जबकि 26 दिसंबर 1925 को कानपुर में विभिन्न कम्युनिस्ट समूहों को एकजुट कर पार्टी का वास्तविक गठन हुआ। ताशकंद में गठित प्रवासी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर रही।

सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे सिंगार वेलु ने कहा कि साम्यवाद का आंदोलन किसानों और मजदूरों का आंदोलन है तथा पार्टी का तात्कालिक उद्देश्य सभी उचित तरीकों से पूर्ण स्वतंत्रता (स्वराज) स्थापित करना है।

कम्युनिस्ट पार्टी ने यूपीए सरकार गठन में भूमिका निभाते हुए मनरेगा जैसे ग्रामीण गरीबों के हितकारी कानून बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज भी पार्टी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष के मैदान में डटी हुई है।

सभा को कृपाल राम, सुनील पटेल और गोपाल यादव ने भी संबोधित किया। अंत में कामरेड दुधनाथ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।