कलश यात्रा के साथ शारदा विहार में शुरू हुआ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ

कोरबा। शारदा विहार आवासीय परिसर में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ रविवार सुबह भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। शंखध्वनि और अन्य वाद्य यंत्रों की मंगल धुनों के बीच आयोजन स्थल से निकली कलश यात्रा स्थानीय जलाशय तक गई। इसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने मंगल कलश सिर पर धारण कर हिस्सा लिया।

गायत्री परिवार के सदस्यों ने बताया कि कलश यात्रा के बाद वेदियों का विधिवत पूजन किया गया। दोपहर से युग निर्माण योजना, वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष तथा गायत्री परिवार के सप्त क्रांति अभियान पर विचार-विमर्श सत्र आयोजित होगा।

शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधि इन विषयों पर प्रकाश डालेंगे। इन चर्चाओं का मूल उद्देश्य समाज सुधार और सामाजिक बुराइयों का उन्मूलन है।

इसके बाद यज्ञ विधान का आरंभ होगा। रविवार को सुबह गायत्री मंत्रोच्चार के साथ यज्ञीय परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। इसी दिन उपनयन, नामकरण, विद्यारंभ और पुसवन जैसे संस्कार भी संपन्न होंगे। रात्रि 8 बजे दीप यज्ञ का आयोजन होगा।

अगले दिन टोली विदाई के साथ गायत्री महायज्ञ का समापन होगा। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान को क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।