कमला नेहरू महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया वीर बाल दिवस                                   

कोरबा। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा में शुक्रवार को वीर बाल दिवस बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह दिवस सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों – बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की वीरता, साहस और बलिदान की याद में मनाया जाता है। विशेष रूप से यह दिन छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह (9 वर्ष) और बाबा फतेह सिंह (7 वर्ष) की शहादत को समर्पित है, जिन्होंने मुगल अत्याचारों के सामने धर्म नहीं छोड़ा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोई व्यक्ति महापुरुष तब बनता है जब वह अपने कार्यों से समाज के लिए नई राह बनाता है। उन्होंने आगे कहा, “यह दिन आस्था, साहस, त्याग और सर्वधर्म समभाव को जीवन में आत्मसात करने का संदेश देता है। हमें हमेशा ऐसे कार्य करने चाहिए जो समाज को आदर्श की ओर ले जाएं।”एनएसएस जिला संगठक वायके तिवारी ने बलिदान को नमन करते हुए कहा कि यह दिन साहिबजादों की वीरता को याद करने का है।

बाल आयु में भी उन्होंने मुगलों के प्रलोभन और प्रताड़ना का डटकर मुकाबला किया और धर्म की राह नहीं छोड़ी।

कार्यक्रम अधिकारी गोविंद माधव उपाध्याय ने दिवस की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को मार्गदर्शन दिया।

आभार प्रदर्शन वरिष्ठ स्वयंसेवक देवांश तिवारी ने किया।

इस अवसर पर गोपाल शर्मा,अशोक सोनी,अमृत कुमार श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान से हुआ।