दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग बाल-बाल बचे

कोरबा। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए हैं, जिसमें कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उनकी जान बाल-बाल बच गई। दोनों घटनाएं लापरवाही से चल रहे भारी वाहनों की वजह से हुईं।

पहली घटना बालको थाना क्षेत्र की: दर्री मुख्य मार्ग पर डेम चौक के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। एक मोपेड (लूना) पर मछली लेकर बेचने जा रहा शख्स ट्रेलर की ठोकर से पहिए के नीचे आ गया। ट्रेलर उसके ऊपर से गुजर गया, लेकिन किसी चमत्कार से उसकी जान बच गई। मोपेड सवार बालको का रहने वाला है, जो गुरुवार सुबह मछली बेचने जा रहा था।

दूसरा बाइक सवार हेलमेट पहने होने के कारण टक्कर से दूर जा गिरा और बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र की: कनकी के पास एक बोरवेल वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।

बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक पहिए के नीचे आ गया। चालक ने समय पर ब्रेक लगा दिया, जिससे युवक की जान बच गई, वरना मौत तय थी। घायल युवक पतोरा का रहने वाला है, जो कोरबा से काम निपटाकर घर लौट रहा था। सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची, घायल को अस्पताल भिजवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की।

ये हादसे सड़क सुरक्षा की अनदेखी को उजागर करते हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।