बरपारा कोहड़िया में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकद व जेवरात समेत ढाई लाख की चोरी

कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरपारा कोहड़िया स्थित बाबाडेरा बस्ती में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़ने के बजाय पीछे की खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे ₹1 लाख नगद सहित सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल रकम लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

पीड़ित मकान मालिक संजय केवट अपने पत्नी और बच्चों के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जांजगीर-चांपा गए हुए थे। बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद जब उन्होंने घर का ताला खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में पाया गया कि चोर घर के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे और चोरी के बाद पेटी व कुछ सामान बाहर फेंक कर फरार हो गए।

मकान मालिक संजय केवट ने बताया कि वह चौपाटी में फास्ट फूड की दुकान लगाकर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी पत्नी ने ₹1 लाख नकद अलमारी में रखे थे, साथ ही सोने-चांदी के जेवरात भी थे, जिन्हें चोर ले गए।

इस मामले में सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।