कोरबा (कटघोरा)।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चुनाव के दौरान प्रत्येक गांव में बैंकिंग व डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए कोरबा जिले में पहले अटल डिजिटल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया।
विकासखंड कटघोरा की ग्राम पंचायत झाबर में क्षमता विकास मद से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण 25 दिसंबर 2025 को कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।


इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक की 10-10 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित कर आमजन को गांव में ही बैंकिंग और शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से मजदूर वर्ग जी-राम-जी योजना का पैसा आसानी से निकाल सकेगा, वहीं किसान भाई धान खरीदी से जुड़े एग्रिस्टेक पंजीयन व टोकन भी यहीं से प्राप्त कर सकेंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं जैसे पेंशन, महतारी वंदन योजना, जी-राम-जी योजना सहित अन्य योजनाओं की राशि अब ग्रामीणों को गांव में ही किसी भी दिन आसानी से प्राप्त हो सकेगी। अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड,ई-श्रम कार्ड,पैन कार्ड,श्रमिक कार्ड,राशि निकासी- जमा-ट्रांसफर, वोटर आईडी नया/सुधार, पीएम विश्वकर्मा योजना, बी-1 नक्शा/खसरा, ऑनलाइन फॉर्म जैसी अनेक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि सुशासन सप्ताह अंतर्गत विकासखंड स्तरीय शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण भी लगातार किया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। इसके पश्चात फीता काटकर अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती के अवसर पर रामायण पाठ का आयोजन हुआ तथा नरेंद्र मानस मंडली, ग्राम झाबर द्वारा सुंदरकांड पाठ का गान किया गया। वहीं जय मां गौरी समूह झाबर की महिलाओं ने मनमोहक सुवा नृत्य प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जनपद सीईओ यशपाल सिंह, विधायक प्रतिनिधि नीलेश कुमार साहू, जनपद सदस्य बसंत कंवर, सरपंच झाबर राम सिंह कंवर, मंडल अध्यक्ष दीपका राजू प्रजापति, मंडल उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल, भाजपा नेता मन्नू साईं राठौर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी आर.के. शिवालय, सरपंच बेलटिकरी गौरी कंवर, सरपंच बतारी राजू लाल श्रोते, उपसरपंच झाबर प्रिया साहू, पंचायत सचिव धरमराज मरकाम, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के ब्लॉक समन्वयक, रोजगार सहायक देव कुमार यादव, सक्रिय महिलाएं रामप्यारी ध्रुव, लक्ष्मी सिन्द्राम, पूर्व सरपंच चंद्रपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















