मेंटेनेंस के नाम पर 7 घंटे बिजली गुल, 100 से अधिक गांव अंधेरे में

कोरबा।कोरबा जिले के चैतमा-छुरीखुर्द 132 केवी स्विच यार्ड में मेंटेनेंस कार्य के चलते बुधवार सुबह 9 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसका सीधा असर चैतमा, कटघोरा और छुरी क्षेत्र के सब स्टेशनों पर पड़ा, जिससे लगभग 100 गांवों में करीब 7 घंटे तक बिजली गुल रही।

शाम करीब 4 बजे आपूर्ति बहाल की गई।

बिजली बंद होने से चैतमा, गोपालपुर, ईरफ, पटपरा, घाटपार, घुईचुआं, मानिकपुर और मांगामार ग्राम पंचायतों में लगाए गए सार्वजनिक बोर पंप नहीं चल सके। इसके चलते करीब 4 हजार परिवारों को पानी के लिए भटकना पड़ा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

बिजली वितरण कंपनी का चैतमा में स्थित सब स्टेशन पांच फीडरों सपलवा, ईरफ, रंजना, रजकम्मा और चैतमा के माध्यम से लगभग 70 गांवों को बिजली आपूर्ति करता है।

छुरीखुर्द स्विच यार्ड से आपूर्ति बंद होने पर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से उपभोक्ताओं को बार-बार परेशानी उठानी पड़ती है।

इसके विपरीत पाली क्षेत्र में बेलतरा और बनबांधा सब स्टेशनों को दीपका से चार्ज करने की वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे वहां मेंटेनेंस या तकनीकी खराबी के दौरान आपूर्ति प्रभावित नहीं होती।

वहीं मैदानी अमले की कमी से जूझ रहे चैतमा सब स्टेशन में सर्द मौसम के बावजूद निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखना चुनौती बना हुआ है। बार-बार हो रहे पावरकट से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।

स्विच यार्ड छुरीखुर्द में मेंटेनेंस के कारण छुरी नगर सहित आसपास के गांवों में भी सुबह से देर शाम तक बिजली बंद रही। हालांकि कटघोरा नगर में बिजली आपूर्ति अधिक देर तक बाधित नहीं रहने का दावा किया गया, लेकिन चैतमा सब स्टेशन की लचर व्यवस्था से ग्रामीण उपभोक्ता खासे परेशान नजर आए।