पिता की मौत के कारण धान नहीं बेच पा रहा किसान, कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल राहत देने निर्देश

कोरबा। जिले में धान खरीदी से जुड़ी समस्याएं लगातार प्रशासन के संज्ञान में आ रही हैं। साप्ताहिक जनदर्शन में किसानों और आम नागरिकों ने अपनी व्यावहारिक परेशानियां रखीं, जिस पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

करतला विकासखंड के ग्राम घिनारा निवासी किसान कोमल सिंह राठिया अपने खेत में उत्पादित धान इसलिए नहीं बेच पा रहे हैं क्योंकि कुछ समय पूर्व उनके पिता मनराम राठिया का निधन हो गया है। भूमि का नामांतरण अभी तक नहीं होने के कारण दस्तावेजों में भूमि पिता के नाम दर्ज है, जिससे धान विक्रय में बाधा उत्पन्न हो रही है।

मामले को मानवीय दृष्टिकोण से गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल जांच कर कृषक के पुत्र को धान बेचने की अनुमति प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

जनदर्शन में निर्दोष कुमार कंवर ने मानदेय भुगतान से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अगस्त 2025 से पंचायत की सर्वसम्मति से वे प्राथमिक शाला दरगा, कोरबा में मानदेय शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

इसी तरह पाली तहसील के ग्राम लोहडिया निवासी श्रीमती नीरा बाई ने शिकायत की कि वनाधिकार पट्टा अंतर्गत उनकी 0.809 हेक्टेयर भूमि पर धान की फसल लगी है, लेकिन गिरदावरी के दौरान फसल प्रविष्टि में रकबा शून्य दर्ज हो जाने से उपज विक्रय में समस्या आ रही है। प्रशासन ने इस त्रुटि को सुधारने के निर्देश दिए हैं।

जनदर्शन के दौरान आज मुआवजा वितरण, सीमांकन, नामांतरण, बटांकन, पेंशन भुगतान, अतिक्रमण व कब्जा हटवाने, पट्टा प्रदान करने, अधूरे निर्माण कार्यों को पूर्ण कराने, राखड़ डंपिंग की समस्या सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।