कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम बांधाखार में जहर सेवन से एक नवविवाहिता की मौत के मामले में मायके और ससुराल पक्ष के दावे आमने-सामने आ गए हैं। पुलिस ने मृतका के पति जयकिशन सिदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जयकिशन सिदार और मालती सिदार ने 27 जून 2025 को प्रेम विवाह किया था। दोनों परिवारों में पूर्व से रिश्तेदारी भी बताई जा रही है। 16 दिसंबर की सुबह मालती ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया।
देर शाम तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसे तत्काल करतला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोरबा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति जयकिशन सिदार ने मालती को जबरन जहर पिलाया। वहीं पति और ससुराल पक्ष का कहना है कि मालती ने स्वयं जहर का सेवन किया था और आत्महत्या के कारणों की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
मामले में सीएसईबी पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी ने पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















