रामानुजन जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा में गणित मेले का आयोजन

कोरबा-कुसमुंडा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुसमुंडा में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती के अवसर पर 20 दिसंबर को गणित मेले का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य चिंतामणि कौशिक, गणिताचार्य रामशरण कश्यप, अनूप सावलकर तथा विज्ञान प्रमुख श्रीमती अंजना पाराशर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुई।

विद्यार्थियों ने गणित को रोचक और सरल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न गणितीय चार्ट, कार्यशील मॉडल, मापन संबंधी गतिविधियां और आकर्षक प्रदर्शनियां प्रस्तुत कीं। इसके अलावा प्रश्न मंच के जरिए आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्राचार्य चिंतामणि कौशिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्रीनिवास रामानुजन ने अपनी अल्प आयु में ही गणित जगत में अद्वितीय योगदान दिया। उन्होंने पाई (π) के मान की गणना के लिए कई नवीन और मौलिक सूत्र विकसित किए, जो पारंपरिक विधियों से पूरी तरह भिन्न थे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आधुनिक जीवन में गणित का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बिना जीवन की कल्पना करना असंभव है।

गणित मेले को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्यों और स्टाफ का सक्रिय योगदान रहा।