गुड गवर्नेंस वीक: कोरबा निगम के शिविरों में जनशिकायतों का मौके पर निराकरण, नागरिकों को मिली बड़ी राहत

कोरबा। गुड गवर्नेंस वीक के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में आयोजित विशेष शिविरों में आमजन की समस्याओं को सुना गया और कई मामलों का त्वरित समाधान किया गया। इस पहल से नागरिकों को सीधी राहत मिली तथा निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को बल मिला।

कोरबा जोन, टी.पी. नगर जोन, कोसाबाड़ी जोन, रविशंकर नगर जोन, बालको जोन, दर्री जोन तथा सर्वमंगला जोन में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक ये शिविर लगाए गए। शिविरों में विभिन्न सेवाओं से जुड़े आवेदनों और शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई की गई।

इनमें जन्म-मृत्यु पंजीयन, व्यापार अनुज्ञप्ति, विवाह प्रमाण पत्र, भवन अनुज्ञा, जलकर एवं संपत्ति कर, नल कनेक्शन, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, राशन कार्ड, राष्ट्रीय परिवार सहायता, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नामांतरण तथा स्वरोजगार संबंधी प्रकरणों पर आवेदन प्राप्त हुए।

साथ ही दैनिक जीवन से जुड़ी शिकायतें जैसे नल लीकेज, नलों में पानी न आना, नालियों व गलियों की सफाई, सार्वजनिक नलों से पानी का बहाव, कचरा संग्रहण एवं परिवहन, टूटी नालियों की मरम्मत, सड़कों के गड्ढे भरना तथा स्ट्रीट लाइट के बल्ब-ट्यूब बंद रहने जैसी समस्याओं का भी मौके पर संज्ञान लिया गया।

निगम टीमों ने कई शिकायतों का तुरंत निराकरण किया, जबकि शेष मामलों को शीघ्र हल करने का आश्वासन दिया।

शिविरों का निरीक्षण अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा एवं बी.पी. त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारियों ने किया तथा तैनात कर्मियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

इस आयोजन से नागरिकों को सीधा लाभ पहुंचा और अच्छे शासन के सिद्धांतों को मजबूती मिली।