डीएसपीएम ताप विद्युत गृह में ऊर्जा संरक्षण का संकल्प, राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का समापन

कोरबा।डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अवसर पर ऊर्जा संरक्षण एवं उसके प्रभावी उपयोग के लिए संकल्प लिया। सप्ताह भर चले कार्यक्रमों का समापन मुख्य अभियंता संजीव कंसल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश्वरी रावत, लक्ष्मी नारायण सूर्यवंशी, सुनील सरना एवं समीर देशपांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अभियंता संजीव कंसल ने कहा कि राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों से सभी अधिकारियों और कर्मियों को ऊर्जा संरक्षण की महत्ता की प्रेरणा मिली है।

उन्होंने कहा कि हमें न केवल अपने कार्यस्थल पर ऊर्जा की बचत करनी है, बल्कि समाज में भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी निभानी है।

कर्मियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सप्ताह के दौरान निबंध, नारा, कविता एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता प्रियंका पांडे ने किया, जबकि प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता ओमप्रकाश साहू द्वारा किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन अधीक्षण अभियंता (दक्षता) अनिल गुप्ता ने किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में कार्यपालन अभियंता रंजना फुटाने तथा कर्मी मनीषा देवांगन एवं एम. मरियम्मल का विशेष सहयोग रहा।