कोरबा।जिले में जुआ अड्डे को कथित संरक्षण देने के आरोप में पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई 19 दिसंबर 2025 को की गई।
जारी आदेश के अनुसार, सायबर सेल, थाना उरगा और चौकी रजगामार की संयुक्त टीम ने थाना करतला क्षेत्र के भेलवाटार जंगल में छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए 20 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से पुलिस ने लगभग 2.5 लाख रुपये नकद, 23 मोटरसाइकिल, एक कार और 35 मोबाइल फोन बरामद किए।
एसपी ने बताया कि 12 अप्रैल 2025 को हुई अपराध समीक्षा बैठक में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को जुआ जैसे सामाजिक अपराधों में शामिल लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, थाना प्रभारी करतला ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया और जुआरियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
एसपी के मुताबिक, यह गंभीर लापरवाही, कर्तव्य से विमुखता, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध कार्यशैली का मामला है। इसी आधार पर निरीक्षक कृष्ण कुमार वर्मा, थाना प्रभारी करतला को 19 दिसंबर 2025 की अपराह्न से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, कोरबा रहेगा और उन्हें नियमानुसार अनुषांगिक भत्ते प्रदान किए जाएंगे।
यह कार्रवाई जिले में पुलिस अनुशासन और सामाजिक अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अन्य संभावित जुआ अड्डों पर भी पैनी नजर रखे हुए है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















